Saturday, July 26, 2025

ED ने गूगल और मेटा को पूछताछ के लिए बुलाया, सट्टेबाजी ऐप्स को प्रमोट करने का आरोप

  

नई दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को टेक दिग्गज गूगल और मेटा (फेसबुक) को समन जारी किया है। ईडी की यह कार्रवाई अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स के मामले में की जा रही जांच का हिस्सा है। दोनों कंपनियों को 21 जुलाई को पूछताछ के लिए तलब किया गया है। ईडी का कहना है कि गूगल और मेटा ने उन ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स को प्रसार और प्रचार के लिए प्लेटफॉर्म प्रदान किया, जो फिलहाल मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला लेनदेन जैसे गंभीर आर्थिक अपराधों के मामलों में जांच के घेरे में हैं। इन कंपनियों पर यह आरोप है कि उन्होंने इन ऐप्स से जुड़ी वेबसाइट्स को प्रमुख विज्ञापन स्लॉट दिए, जिससे इनकी पहुंच और लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और ये अवैध ऑपरेशन्स पूरे देश में फैल गए।


ED की अब तक की जांच के अनुसार, ये सट्टेबाजी ऐप्स खुद को ‘स्किल बेस्ड गेमिंग प्लेटफॉर्म’ बताते हैं, लेकिन असल में इनमें अवैध जुआ चलाया जा रहा था। ये प्लेटफॉर्म करोड़ों की काली कमाई कर रहे थे, जिसे हवाला चैनलों के ज़रिए देश से बाहर भेजा जाता था।

ईडी ने हाल ही में 29 सेलिब्रिटीज और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें नामी कलाकार जैसे प्रकाश राज, राणा दग्गुबाती और विजय देवरकोंडा शामिल हैं। आरोप है कि उन्होंने इन ऐप्स का प्रचार कर के भारी रकम कमाई।


महादेव ऐप का घोटाला 6,000 करोड़ से अधिक का आंका जा रहा है। इसमें कई बॉलीवुड सेलेब्रिटीज से पूछताछ हो चुकी है। ED का दावा है कि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को इस ऐप के प्रमोटर्स से 500 करोड़ की रकम मिली थी।

एक अन्य बड़ा मामला Fairplay IPL Betting App का है, जिसने IPL मैचों की अवैध स्ट्रीमिंग की और ऑनलाइन सट्टेबाजी को बढ़ावा दिया। इससे आधिकारिक ब्रॉडकास्टर Viacom18 को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। इस केस में भी कई भारतीय सेलिब्रिटीज को अभियुक्त बनाया गया है।


Friday, July 25, 2025

The Burning Train: मालगाड़ी के डीजल वैगनों में लगी भीषण आग, कई ट्रेनें रद्द; मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

 

The Burning Train: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर के पास डीजल ले जा रही एक मालगाड़ी में भीषण आग लग गई। हालांकि हादसे के बाद ट्रेन को रोक दिया गया गया है। आग इतनी भयावह है कि आसमान में सिर्फ धुआं ही धुआं नजर आ रहा है। वहीं इस हादसे में कई डीजल भरे कई टैंकों में आग लग गई है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। फिलहाल आग लगने के बाद दमकलकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया। आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।

Latest and Breaking News on NDTV

चार कोचों में लगी आग

दरअसल, तिरुवल्लुर के पास एक मालगाड़ी के चार डिब्बों में आज सुबह आग लग गई। रेलवे के अनुसार इस मालगाड़ी में डीजल भरा हुआ था और ये मालगाड़ी मनाली से तिरुपति जा रही थी। आज सुबह मालगाड़ी के चार कोच आग की चपेट में आ गए, बाकी कोचों को उनसे अलग कर दिया गया है। इस घटना की वजह से चेन्नई से निकलने और चेन्नई की ओर जाने वाली ट्रेनों के यातायात पर असर पड़ा है। फिलहाल रेल लाइन को क्लीयर करने का काम किया जा रहा है।

Latest and Breaking News on NDTV

ये ट्रेनें की गईं कैंसिल

हादसे के बाद दक्षिण रेलवे ने अलर्ट जारी किया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में दक्षिण रेलवे ने कहा, “ट्रेन सेवा अलर्ट! तिरुवल्लूर के पास आग लगने की घटना के कारण सुरक्षा उपाय के तौर पर ओवरहेड बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। इसके कारण ट्रेन संचालन में बदलाव किया गया है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा से पहले नवीनतम अपडेट अवश्य देखें।”

Tuesday, July 22, 2025

चंदन मिश्रा मर्डर केस: STF ने मुख्य शूटर तौसीफ समेत 8 आरोपियों को दबोचा

 

कोलकाता: चंदन मिश्रा हत्याकांड के मुख्य आरोपी तौसीफ उर्फ बादशाह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. एसटीएफ, बंगाल और पटना पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते कोलकाता में छापेमारी की और इस दौरान शूटर तौसीफ, उसका मौसेरा भाई नीशू खान समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में एक महिला भी शामिल है. यह पूरी कार्रवाई कोलकाता के गेस्ट हाउस में की गई है. इस दौरान एक आरोपी घायल भी हुआ है.

तौसीफ और नीशू खान के अलावा जिन लोगों को पकड़ा गया है, उनके नाम सचिन सिंह, हर्ष उर्फ हरीश कुमार, भीम कुमार और अल्पना दास बताए जा रहा है. हर्ष घटना से दो दिन पहले शूटर को पारस अस्पताल ले गया था और कमरा नंबर 209 भी दिखाया था. जहां चंदन मिश्रा का इलाज चल रहा था. उसने ही पारस में घुसने और भागने का रेकी भी कराई थी.

समनपुरा में रहने वाला नीशू को पहले से ही गोली लगी हुई थी. वह लकवाग्रस्त भी है. वह भी गुरुवार को चंदन मिश्रा की हत्या के बाद फरार हो गया था. नीशू ने पारस अस्पताल के पास स्थित अपने घर में शूटर को पनाह दी थी.


एसटीएफ और पटना पुलिस की कार्रवाई शनिवार की शाम को कोलकाता के अलग-अलग ठिकानों पर हुई. कोलकाता से पकड़े गए आरोपी पर चंदन मिश्रा की हत्या करने के बाद पटना से कोलकाता भगाने, हथियार देने और साजिश में शामिल होने का आरोप है. बादशाह के परिजनों ने ही इन पंचों शूटर के कोलकाता भागने का सुराग दिया था.

जिन पांच शूटर ने वारदात को अंजाम दिया है उनमें तौसीफ उर्फ बादशाह, माेनू, बलवंत, अभिषेक और नीलेश शामिल हैं. सूत्रों के अनुसार कोलकाता में गिरफ्तार 8 आरोपियों को अब कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पुलिस पटना आएगी. पटना पुलिस चंदन मिश्रा हत्याकांड का रविवार को खुलासा कर सकती है. हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक कुछ बताने से इनकार कर रहे हैं.

Saturday, July 19, 2025

एयर इंडिया के पायलट पर लग रहे गंभीर आरोप, अब मीडिया रिपोर्टों पर भड़की US सुरक्षा एजेंसी

 

नई दिल्ली : एयर इंडिया फ्लाइट 171 के भीषण हादसे की प्रारंभिक जांच के बाद विदेशी मीडिया में पायलट पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि अब इसको लेकर खुद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। अमेरिका के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) की अध्यक्ष जेनिफर होमेंडी ने मीडिया रिपोर्टों को ‘जल्दबाजी और अटकलों पर आधारित’ बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और जांच पूरी होने तक संयम बरतना जरूरी है। एयर इंडिया का बोइंग 787-7 ड्रीमलाइनर विमान 12 जून को अहमदाबाद से लंदन के गैटविक हवाई अड्डे जा रहा था, लेकिन टेकऑफ के कुछ ही देर बाद दोनों इंजनों में ईंधन की सप्लाई बंद हो गई, जिससे विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 260 लोगों की जान चली गई।

Friday, July 18, 2025

सराहनीय कदम… पहलगाम हमले में शामिल TRF को आतंकवादी गुट घोषित करने पर एस जयशंकर

 

नई दिल्ली : अमेरिका ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले (Pahalgam Terrorist Attack) के लिए जिम्मेदार पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Tayyiba) के मुखौटा संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया है. इस पर भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने खुशी जताई है. उन्होंने इसे भारत-अमेरिका आतंकवाद-रोधी सहयोग की एक मज़बूत पुष्टि कहा है.


US के फैसले पर एस जयशंकर ने जताई खुशी

अमेरिका के इस फैसले के लिए एस जयशंकर ने एक्स पर एक पोस्ट कर अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो का आभार जताया है, जिन्होंने लश्कर-ए-तैयबा के एक मुखौटे TRF को एक विदेशी आतंकवादी संगठन और विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी घोषित किया है. इसी संगठन ने 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले की जिम्मेदारी ली थी. एस जयशंकर ने कहा है कि आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता.

लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा TRF  विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित

अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान जारी कर लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटे TRF को एक विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित करने की जानकारी दी थी. अपने बयान में विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा था कि यह कार्रवाई पहलगाम हमला मामले में न्याय संबंधी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रुख पर काम करने की अमेरिका की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.


भारत-अमेरिका आतंकवाद-रोधी सहयोग

अमेरिका के इस कदम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास ने कहा था कि इससे पता चलता है कि भारत-अमेरिका आतंकवाद-रोधी सहयोग कितना मजबूत है.

वहीं रुबियो ने कहा कि विदेश मंत्रालय टीआरएफ को विदेशी आतंकवादी संगठन (एफटीओ) और विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी (एसडीजीटी) घोषित करता है. उन्होंने कहा कि टीआरएफ के खिलाफ यह कार्रवाई ‘हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा हितों की रक्षा, आतंकवाद का मुकाबला करने और पहलगाम हमले में न्याय के राष्ट्रपति ट्रंप के रुख पर काम करने की प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.’


Tuesday, June 17, 2025

ऑनलाइन बेटिंग केस में युवी, हरभजन और रैना से पूछताछ, सोनू सूद और उर्वशी रौतेला पर भी ED की नजर

 

मुंबई: ऑनलाइन बेटिंग केस में कई बड़ी हस्तियों से पूछताछ हुई है. ED सूत्रों ने इस बारे में जानकारी मुहैया कराई है. भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर्स युवराज सिंह, हरभजन सिंह और सुरेश रैना से ईडी ने सवाल किए. इसके साथ ही बॉलीवुड कलाकार सोनू सूद और उर्वशी रौतेला से भी इस मामले में पूछताछ की जा रही है. ईडी का ये एक्शन इसलिए हो रहा है, ताकि ये जाना जा सके कि जिन प्लेटफॉर्मस को बैन किया गया है. उनका प्रचार-प्रसार क्यों कर रहे हैं. जिनमें वन बेट, फेयर प्ले और महादेव ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म शामिल है. इसी को लेकर पूर्व क्रिकटर्स और बॉलीवुड कलाकार के खिलाफ ईडी का ये एक्शन हो रहा है.

पिछले दिनों ही बड़े ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़

पिछले दिनों ही कोलकाता में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत एक बड़े ऑनलाइन सट्टेबाज़ी और मनी लॉन्ड्रिंग रैकेट का भंडाफोड़ किया है. इस रैकेट का भंडाफोड़ करने के लिए पश्चिम बंगाल समेत दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश और असम में फैले कई ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था. इस ऑपरेशन के दौरान बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज़ और संदिग्ध दस्तावेज़ ज़ब्त किए गए थे.

इस ऑपरेशन के दौरान ED ने 766 म्यूल बैंक अकाउंट्स और 17 डेबिट और क्रेडिट कार्ड्स फ्रीज़ कर दिए. जो इस गैर-कानूनी सट्टेबाज़ी और जुए से जुड़े पैसों के लेनदेन में इस्तेमाल हो रहे थे. ED ने विशाल भारद्वाज उर्फ़ बादल भारद्वाज और सोनू कुमार ठाकुर नाम के दो आरोपियों को PMLA के तहत गिरफ़्तार भी किया था. दोनों को कोलकाता की विशेष अदालत में पेश किया गया,जहां से उन्हें 10 दिन की ED कस्टडी में भेज दिया था.

महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप पर ईडी का शिकंजा

अप्रैल के महीने में भी महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप केस (Mahadev online betting app case) में प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) ने बड़ी कार्रवाई की थीू. तब ईडी ने इस मामले में विभिन्‍न ठिकानों पर छापेमारी के बाद 573 करोड़ रुपये की संपत्ति को फ्रीज किया था. यह धन शोधन निवारण अधिनियम(Prevention of Money Laundering Act) के तहत 16 अप्रैल 2025 को दिल्ली, मुंबई, इंदौर, अहमदाबाद, चंडीगढ़, चेन्नई और संबलपुर (ओडिशा) में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी.

इस तलाशी के दौरान ED ने 3.29 करोड़ रुपये कैश जब्त किए थे. साथ ही ईडी ने 573 करोड़ रुपये से अधिक की सिक्योरिटीज, बॉन्ड्स और डिमैट खातों को फ्रीज किया गया. साथ ही बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूत भी बरामद किए गए.


Sunday, June 8, 2025

‘ज़ुबान पर काबू रखना सीखो’, डॉक्टर पर भड़के गोवा के स्वास्थ्य मंत्री, तुरंत किया सस्पेंड, जानिए क्या रही वजह?

  

नई दिल्ली – गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) के एक सीनियर डॉक्टर पर गुस्सा करते और उन्हें सस्पेंड करने का आदेश देते नजर आ रहे हैं। गोवा के स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टर को फटकार लगाते हुए कहा कि ज़ुबान पर काबू रखना सीखो। इस वीडियो को गोवा कांग्रेस ने शेयर किया है। 


मरीज का इलाज करने से डॉक्टर ने किया था इनकार

ये घटना शनिवार को बाम्बोलिम स्थित GMCH परिसर में मंत्री के एक औचक निरीक्षण के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि मंत्री राणे को एक मरीज द्वारा फोन पर शिकायत मिली थी कि एक डॉक्टर ने इलाज करने से इनकार किया है। साथ ही मरीज ने डॉक्टर द्वारा दुर्व्यवहार करने का आरोप भी लगाया है।

तुरंत सस्पेंड करने का सुना दिया आदेश

मरीज की शिकायत सुनकर गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने शनिवार को अपना आपा खो दिया। गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एक मरीज के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार करने के लिए जमकर फटकार लगाई। इसके बाद मंत्री विश्वजाती राणे ने चिकित्सा अधिकारी को तुरंत सस्पडेंड करने का आदेश भी दे दिया।


स्वास्थ्य मंत्री की हो रही आलोचना

इसी को अब गोवा कांग्रेस ने मुद्दा बना लिया है। वीडियो वायरल होने पर गोवा के स्वास्थ्य मंत्री की आलोचना की जा रही है। वहीं, इस घटना पर डॉक्टरों ने रोष जाहिर किया है।


ED ने गूगल और मेटा को पूछताछ के लिए बुलाया, सट्टेबाजी ऐप्स को प्रमोट करने का आरोप

   नई दिल्ली :  प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को टेक दिग्गज गूगल और मेटा (फेसबुक) को समन जारी किया है। ईडी की यह कार्रवाई अवैध ऑनलाइन सट्...